रेलवे एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर किया गया चालान
आरपीएफ ने पिरान कलियर कस्बे से टूर एंड ट्रेवल्स की आड़ में फर्जी आईडी पर तत्काल टिकट बनाने वाले आरोपी को छापा मारकर गिरफ्तार कर लिया। मौके से आरपीएफ ने ई-टिकट बनाने वाले उपकरण समेत फर्जी आईडी बरामद की है। सभी को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
रेलवे बोर्ड के निर्देशन में क्षेत्र में अवैध तरीके से बनाए जा रहे रेलवे के तत्काल टिकट की रोकथाम के लिए आरपीएफ थाना प्रभारी रवि कुमार सिवाच के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह नेगी, कांस्टेबल विनीत कुमार की टीम ने बृहस्पतिवार देर रात पिरान कलियर में फर्जी आईडी से रेलवे का तत्काल टिकट निकालने वाले केजीएन टूर एंड ट्रेवल्स एजेंसी संचालक को गिरफ्तार किया।
मौके से आरपीएफ ने करीब छह हजार रुपये के पांच ई-टिकट बरामद किए। इसके अलावा मौके से एक पुराना मोबाइल, एक लैपटॉप, फर्जी आईडी बरामद हुई। आरोपी ने अपना नाम मजहर अली निवासी मुकुरपुर थाना पिरान कलियर हरिद्वार बताया। आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है। आरपीएफ थाना अध्यक्ष रवि कुमार सिवाच ने बताया कि मंडल रेलवे बड़ौदा हाउस से क्षेत्र में अवैध तरीके से रेलवे के ई-टिकटों की दलाली करने वाले की सूची बरामद हुई थी। सूची के आधार पर कार्रवाई की गई है।