कोतवाली क्षेत्र के भनेड़ा टांडा में एक विवाहिता ने अपने पति व ससुराल पक्ष पर जबरन तलाक के कागजों पर अंगूठा लगवाने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता नौरीन निवासी भनेड़ा टांडा ने दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2021 में निसार निवासी सफरपुर के साथ हुआ था। कुछ समय बाद से ही पति ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया जिसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया। पीड़िता का कहना है कि वर्तमान में दोनों के बीच न्यायालय में मामला विचाराधीन है जिससे ससुराल पक्ष रंजिश रखे हुए है।
पीड़िता का आरोप है कि 27 मई 2026 को जब वह घर पर अकेली थी तब उसका पति निसार, देवर इसरार और दोनों की पत्नियां इमराना व शाहजहां घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने उसे तलाक के कागजों पर अंगूठा लगाने के लिए धमकाया। इन्कार करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और बाल खींचकर घसीटा गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसरार ने धक्का देकर उसकी चुन्नी खींची और जान से मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर गांव के पड़ोसी इकट्ठा हो गए जिन्होंने उसे बचाया। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी निसार, इसरार, इमराना व शाहजहां के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।