मोहल्ला किला में पुरानी रंजिश के कारण एक युवक को घेरकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने छह लोगों पर षड्यंत्र के तहत हमला करने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मोहल्ला किला निवासी शमसुज्जमा ने बताया कि 13 जून की रात करीब 10:30 बजे वह कस्बे की चौकी से अपने घर लौट रहा था। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे शाहनजर और सुहेल ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने एक राय होकर उसपर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी।
शोर-शराबा सुनकर उनके अन्य साथी सईद, सोनू, शावेज और सुहेल भी मौके पर पहुंच गए। इन लोगों ने भी पीड़ित के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़ित शमसुज्जमा का कहना है कि आरोपी पक्ष के लोग पूर्व में भी उसके साथ मारपीट कर चुके हैं। इस संबंध में उसने पहले भी पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी लेकिन आरोपियों के हौसले पस्त नहीं हुए। पीड़ित ने पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।