रुड़की। खनन माफिया के हमले के बाद हाईवे जाम करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार चल रहे अन्य लोगों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के डर से कई लोग गांव से फरार हो गए हैं।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव इब्राहिमपुर के चार ग्रामीणों पर 14 नवंबर को खेत से अवैध खनन करने वालों ने जानलेवा हमला कर दिया था। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने इब्राहिमपुर के पास देहरादून हाईवे पर जाम कर दिया था। करीब दो घंटे तक ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया था। इस बीच घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पहुंची एंबुलेंस में ग्रामीणों ने तोड़फोड़ कर दी थी। साथ ही पुलिस से हाथापाई कर घायलों को छीन लिया था। इस मामले में पुलिस ने ग्रामीणों की तहरीर पर खनन माफिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था, जबकि हाईवे जाम करने और पुलिस से अभद्रता व तोड़फोड़ के मामले में इब्राहिमपुर निवासी 25 नामजद और 50 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। बृहस्पतिवार की देर शाम जांच अधिकारी एसएसआई दीप कुमार को सूचना मिली कि एक आरोपी सद्दाम सोलानी पुल के पास कलियर मार्ग पर खड़ा है। इस पर उन्होंने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र चौहान ने बताया कि सद्दाम को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।