दरगाह साबिर पाक परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में एक युवक और युवती को दरगाह परिसर के भीतर एक-दूसरे को मोबाइल नंबर देते हुए दर्शाया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद दरगाह में आस्था रखने वाले लोगों और जायरीनों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
स्थानीय निवासी तहसीन सिद्दीकी, साजिद, मुनव्वर अली, समद और इरफान सहित अन्य लोगों ने कहा कि दरगाह साबिर पाक लाखों जायरीनों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां लोग अदब, श्रद्धा और शांति के साथ जियारत के लिए आते हैं। ऐसे पवित्र स्थल पर युवक-युवती की ओर से आपसी प्रेम से जुड़ी रील बनाना और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है।
लोगों का कहना है कि कुछ रीलबाज युवक-युवतियां सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए धार्मिक स्थलों की मर्यादा को तार-तार कर रहे हैं। इससे न केवल आस्था को ठेस पहुंच रही है बल्कि दरगाह की पवित्रता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले को लेकर स्थानीय लोगों और जायरीनों ने पुलिस से वीडियो बनाने वाले युवक-युवती की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं दरगाह क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से दरगाह परिसर में वीडियो और रील बनाने पर सख्त प्रतिबंध लगाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की है।
दरगाह परिसर में रील बनाने वालों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इनको रोकने के लिए परिसर में चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे। लोगों से अपील भी की जाती है कि आस्था वाले स्थानों पर इस तरह के कार्य सही नहीं है। - विकास अवस्थी, तहसीलदार एवं दरगाह प्रबंधक