रुड़की स्थित यातायात कार्यालय में वाहनों की नीलामी में मौजूद एआरटीओ, यातायात प्रभारी निरीक्षक म
- फोटो : ROORKEE
यातायात पुलिस की कार्रवाई में सीज किए गए 94 वाहनों की नीलामी यातायात कार्यालय पर की गई। ठेकेदार ने आठ लाख 10 हजार पांच सौ रुपये की अंतिम बोली लगाकर नीलामी अपने नाम की।
यातायात पुलिस समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाकर अवैध वाहनों के साथ ही बिना कागजों के वाहनों पर कार्रवाई करती है। इस दौरान बहुत से वाहन ऐसे होते हैं, जो बिना कागजों के या अन्य कारणों से सीज हो जाते हैं। इसके बाद कुछ वाहनों को उनके मालिक छुड़ाने नहीं आते हैं। ऐेसे में बड़ी संख्या में वाहन यातायात पुलिस के कब्जे में रहते हैं। यातायात पुलिस कार्यालय में वर्ष 2017 से 2018 तक करीब 94 सीज वाहन खड़े थे। एसीजेएम कोर्ट रुड़की ने यातायात पुलिस को इन वाहनों को नीलाम करने के आदेश जारी किए थे। बुधवार को ऐसे 94 वाहनों की नीलामी प्रक्रिया पूरी की गई। बोट क्लब स्थित यातायात कार्यालय पर एआरटीओ और सीओ की मौजूदगी में ठेकेदारों ने नीलामी में भाग लिया।
एआरटीओ ज्योति शंकर मिश्रा ने बताया कि नीलामी में 94 वाहन शामिल थे। इसमें बाइक, जुगाड़ वाहन, कार, ई-रिक्शा आदि शामिल थे। सरकारी बोली दो लाख 40 हजार रुपये रखी गई थी। इसके बाद ठेेकेदारों ने करीब चार लाख रुपये से बोली शुरू की। इस दौरान ठेकेदार रिजवान ने 8,10,500 रुपये की अंतिम बोली रखी। अन्य ठेकेदार इस बोली से आगे नहीं बढ़े तो इसे ही अंतिम बोली करार दिया गया। इस दौरान रिजवान ठेकेदार ने कुल रकम का 25 फीसदी जमा कर दिया। बाकी रकम तीन दिन में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद सभी वाहन ठेकेदार के सुपुर्द कर दिए जाएंगे। इस दौरान सीओ रुड़की विवेक कुमार, नायब तहसीलदार सुरेश पाल सैनी, यातायात इंस्पेक्टर मोहम्मद अकरम मौजूद रहे।