रुड़की। शिक्षा विभाग का प्रचार रथ गांव-गांव घूमकर बच्चों और उनके अभिभावकों को शत प्रतिशत नामांकन के लिए प्रेरित करेगा। इसके पीछे विभाग की मंशा है कि अधिक ड्रॉप आउट बच्चों को स्कूल से जोड़ा जा सके। इसके साथ ही विभाग इसे लेकर 28 मार्च को राजकीय इंटर कॉलेज कासमपुर में भी स्कूल चलो अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है।
सोमवार से जिलाधिकारी दीपक रावत प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर कलक्ट्रेट से रवाना करेंगे। छह अप्रैल तक यह प्रचार रथ विभिन्न गांव में जाकर बच्चों और उनके अभिभावकों को शत प्रतिशत नामांकन के लिए प्रेरित करेगा। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक ब्रह्मपाल सिंह सैनी ने बताया कि इसके साथ ही 28 मार्च को राजकीय इंटर कॉलेज कासमपुर में ‘स्कूल चलो’ अभियान के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें सीडीओ स्वाति सिंह भदौरिया, जेएम नितिका खंडेलवाल, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी, दो मुस्लिम समाज के मुफ्ति, अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी, शिक्षाविद् जीशान अली के साथ कई अन्य कुशल वक्ताओं के साथ क्षेत्रीय लोगों और आशाओं आदि को आमंत्रित किया गया है। इसमें ड्रोप आउट बच्चों को स्कूल तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए तैयारियां की जा रही है।
--------------------------