ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ऋषभ पंत ने कहा कि आस्ट्रेलिया से हुई वन डे सीरीज के आखिरी दो मैचों में महेंद्र सिंह धोनी नहीं खेले, जिसके चलते परिणाम हमारे पक्ष में नहीं आए। अगर वह खेलते तो परिणाम हमारे पक्ष में हो सकते थे। इस बीच ऋषभ पंत ने युवा मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे क्रिकेटर ऋषभ पंत दिल्ली-हरिद्वार हाईवे स्थित अपनी बहन साक्षी के रेस्टोरेंट का उद्घाटन करने पहुंचे। इस दौरान उनकी मां सरोज पंत भी पहुंचीं। यहां शहर विधायक प्रदीप बत्रा ने ऋषभ पंत का स्वागत किया। इसके बाद ऋषभ पंत ने बहन के रेस्टोरेंट का फीता काटर उद्घाटन किया। ऋषभ पंत ने हाल ही में आस्ट्रेलिया के साथ हुई वन डे सीरीज में भारतीय टीम के प्रदर्शन के सवाल पर कहा कि आखिरी दो मैचों में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और विकेट कीपर महेंद्र सिंह धोनी नहीं खेले तो खेल का परिणाम टीम के पक्ष में नहीं आया। अगर वह आखिर के दो मैचों में खेलते तो परिणाम हमारे पक्ष में आ सकते थे। कहा कि धोनी लगातार 15 साल से क्रिकेट खेलते आ रहे हैं और उनके पास अनुभव के साथ ही बेहतर रणनीति है। विश्व कप टीम में चयन को लेकर पूछे गए सवाल को ऋषभ पंत मुस्करा कर टाल गए। हालांकि, उन्होंने लोकतंत्र के महापर्व को लेकर कहा कि वोट प्रतिशत घटा है, जो एक चिंता का विषय है। इसलिए युवाओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। ऋषभ को देखने के लिए भीड़ उमड़ गई। खासकर युवाओं में ऋषभ पंत के साथ सेल्फी लेने की होड़ रही।