ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
मांगों के संदर्भ में लेखपालों की हड़ताल से तहसील मुख्यालय के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। इसी से खफा लक्सर तहसील के अधिवक्ताओं का शुक्रवार को गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार का घेराव किया। उनका कहना था कि लेखपालों के काम नहीं करने से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने तत्काल कार्य शुरू कराने की मांग की।
पिछले डेढ़ माह से लेखपालों अपनी मांगों के लिए कार्यबहिष्कार किया है। इससे तहसील मुख्यालय पहुंचने वाले फरियादी मायूस होकर लौट रहे हैं। हड़ताल की वजह से ग्रामीणों के दस्तावेज भी नहीं बन रहे हैं। इसी से खफा लक्सर तहसील के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को जमकर हंगामा किया। इसके बाद उन्होंने एसडीएम सोहन सिंह और तहसीलदार सुनैना राणा का घेराव किया। उनका कहना था कि आय, जाति और स्थाई निवास प्रमाणपत्र समेत अन्य कई दस्तावेज तैयार नहीं किए जा रहे हैं। इससे लोगों को दिक्कत हो रही है। लेखपाल दाखिल खारिज की प्रक्रिया भी पूरी नहीं कर रहे हैं। अधिवक्ताओं ने एसडीएम और तहसीलदार से समस्या का समाधान कराने की मांग की। एसडीएम ने अधिवक्ताओं को मामले में तत्काल कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इस दौरान एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार, सिविल बार अध्यक्ष अनूप सिंह के अलावा सचिन कुमार, प्रदीप कुमार, बृजेश कुमार, नवनीत कुमार, राजेश सैनी, मनीष अग्रवाल समेत कई अधिवक्ता शामिल रहे।