ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और तीन डॉक्टरों समेत रुड़की में 51 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आए हैं। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। वहीं, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और डॉक्टरों के साथ ही अन्य लोगों के संपर्क में आए अन्य लोगों के भी सैंपल लेने की तैयारी चल रही है।
क्षेत्र में प्रतिदिन कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। अभी तक आम लोगों के साथ ही डॉक्टर और अन्य स्टाफ संक्रमित आ रहे थे। अब प्रशासनिक अधिकारी भी महामारी की चपेट में आने लगे हैं। दो दिन पहले खांसी और बुखार की शिकायत के चलते ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने जांच करवाई थी। शनिवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा सिविल अस्पताल की एक महिला डॉक्टर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इमलीखेड़ा के दो डॉक्टर भी संक्रमित हुए हैं। अब अस्पताल में संक्रमित डॉक्टरों की संख्या छह हो गई है। करीब दस कर्मचारी भी संक्रमित हैं। इसके अलावा आईआईटी में भी चार लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके अलावा रामनगर, अंबर तालाब, वर्ल्ड बैंक कॉलोनी, चावमंडी, सुभाष नगर, सिविल लाइंस, पुरानी तहसील सहित विभिन्न इलाकों से भी कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि कोरोना का प्रकोप काफी बढ़ गया है। ऐसे में लापरवाही छोड़कर एहतियात बरतने की जरूरत है।