रुड़की। शहर से सटे पाडली गुर्जर गांव के युवक से सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर 35 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोपी ने युवक को न तो विदेश भेजा और न ही रकम वापस की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी पक्ष के कुछ लोग कोतवाली पहुंचे और मामले को समझौता करके निपटाने के प्रयास में जुट गए।
पाडली गुर्जर में एक युवक को काम के लिए सऊदी अरब भेजने के लिए उसके पिता ने पड़ोस के एक शख्स को 35 हजार रुपये दिए थे। आरोप है कि रकम देने के बावजूद युवक को विदेश नहीं भेजा गया। बार-बार मांगने पर रकम भी वापस नहीं मिली। थक कर युवक ने गंगनहर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
तहरीर में कहा गया है कि आरोपी ने उससे रकम लेकर खुद अपने बेटे को विदेश भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलवाया। उसका कहना था कि पहले पक्ष ने ही बकाया रकम जमा नहीं कराई।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल ने बताया कि दोनों पक्षों में लेनदेन का विवाद है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।