पुलिस ने एक वर्कशॉप में छापा मारकर अंग्रेजी शराब की 22 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस ने एक आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए आरोपी का चालान कर दिया। साथ ही शराब को सील कर दिया गया है।
मतदान से पहले शनिवार शाम पांच बजे शराब की सभी दुकानें बंद हो गई थीं। बावजूद इसके कई स्थानों पर पुलिस को शराब की दुकानों से चोरी छिपे बिकने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर पुलिस लगातार गश्त कर रही थी। शनिवार रात गंगनहर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रामनगर चौक के पास एक वर्कशॉप में बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में शराब रखी गई है। सूचना मिलते ही एसआई जयवीर सिंह रावत, नवीन त्यागी, सचिन शर्मा, धर्मपाल, अर्जुन सिंह, यशपाल भंडारी, लाल सिंह और सुरेश तोमर ने वर्कशॉप पर छापा मारा। इस बीच पुलिस को वर्कशॉप से बड़ी मात्रा में शराब मिली। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि वर्कशॉप से अंग्रेजी शराब की 22 पेटियां बरामद की गई हैं। साथ ही मौके से देवेंद्र कुमार निवासी मंदिर वाली गली, पोस्ट ऑफिस मिलापनगर ढंडेरा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
होटल में शराब पिलाने पर मुकदमा दर्ज
रुड़की। गंगनहर कोतवाली पुलिस की ओर से शराब की दुकान बंद होने पर शनिवार रात होटलों और ढाबों की चेकिंग की जा रही थी। इस बीच पुलिस ने रामनगर चौक के पास एक होटल में चेकिंग की। वहां चार लोग शराब पीते मिले। पुलिस ने चारों को जमकर फटकार लगाई। पुलिस ने होटल मालिक से शराब पिलाने का लाइसेंस मांगा तो वह कुछ नहीं दिखा पाया। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि होटल प्रबंधक शुभम निवासी आईआरआई कालोनी, रुड़की के खिलाफ आबकारी एक्ट समेत अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। संवाद
48 पव्वों समेत एक गिरफ्तार
मंगलौर। पुलिस ने छापा मारकर एक आरोपी से देशी शराब के पव्वे बरामद किए हैं। शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कोतवाली क्षेत्र के मखदूमपुर गांव में एक आरोपी देशी शराब की तस्करी कर रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को 48 पव्वे देशी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी अमर चंद शर्मा ने बताया कि शराब के साथ नरेश निवासी मखदूमपुर को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया गया है। संवाद