चुनावी शोर खत्म होने के बाद भले ही खामोशी छा गई लेकिन मतदान से पहली की रात प्रत्याशियों और समर्थकों के लिए काफी भारी रही। पूरी रात प्रत्याशियों और समर्थकों ने जागकर काटी। सभी प्रत्याशी और समर्थक रातभर जातिगत वोटरों का गुणाभाग लगाते रहे। ऐसे में जीत-हार के आंकड़े रातभर बदलते रहे। वहीं, कहीं शराब और पैसा बंटने की सूचना पर पुलिस व प्रत्याशियों के समर्थकों की भागदौड़ लगती रही।
मतदान से पहली रात सभी प्रत्याशी अपनी जीत-हार का गुणाभाग लगाते रहे। रातभर पार्टियों के दफ्तर एवं प्रत्याशियों के आवास पर चुनावी दांवपेंच के केंद्र बने रहे और वोटों की बिसात बिछती रही। सभी प्रत्याशी मतदान से पहले जनता का मूड भांपने के लिए अपने समर्थकों को अलग-अलग गली, मोहल्लों और कालोनियों में रातभर दौरा करवाते रहे। समर्थक भी वोटरों का मूड भांपने के लिए जासूसी करते रहे। इतना ही नहीं समर्थकों में मतदान अपने-अपने प्रत्याशी के पक्ष में करने की होड़ मची रही। गली-मोहल्लो और कालोनियों में समर्थकों का कड़ा पहरा रहा। समर्थक अपने प्रत्याशी के प्रतिद्वंद्वियों पर नजर रखते नजर आए। इतना ही नहीं अलग-अलग प्रत्याशी ने अपने समर्थकों की एक टीम ऐसी भी तैयार की जो विपक्षी पर नजर रख रही थी कि वह कहां पर उनका पैसा व शराब वोटरों को बांटी जा रही है। सूचना मिलते ही समर्थक भागदौड़ करते नजर आए। इसके अलावा पुलिस भी रातभर अलर्ट रही। शराब और पैसा वितरित होने की सूचना पर पुलिस भी रातभर भागदौड़ करती रही।
रातभर उड़ती रहीं अफवाहें
रातभर झगड़ा होने और माहौल खराब होने की अफवाहें भी उड़ती रहीं। ऐसे में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली लेकिन मौके पर कुछ नहीं मिला। रात 10 बजे से अफवाहों का दौर ऐसा शुरू हुआ कि सुबह चार बजे तक चलता रहा। अफवाहों को लेकर पुलिस को भी काफी भागदौड़ करनी पड़ी। इस बीच पुलिस ने अफवाह उड़ाने वालों को चिह्नित करने काम शुरू किया। साथ ही अफवाह उड़ाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
जीत के लिए की दुआएं और पूजा
प्रत्याशियों और समर्थकों ने जीत के लिए मंदिरों में पूजा की तो मस्जिदों में दुुआएं कीं। रविवार शाम से लेकर रात तक कई समर्थक और प्रत्याशी धार्मिक स्थलों पर नजर आए। साथ ही धार्मिक स्थलों पर आने लोगों से भी अपने-अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते नजर आए। वहीं, प्रत्याशियों के परिवार के लोग भी मंदिरों और घरों में पूजा व दुआएं मांगते रहे।