रुड़की। केंद्र सरकार की ओर से आज जारी किए जा रहे आम बजट में किसानों को भारी उम्मीदें हैं। किसान नेता ऋण माफी आदि के साथ तेलंगाना की तर्ज पर सब्सिडी मिलने के सपने संजोए बैठे हैं। डीजल पर सब्सिडी, कृषि यंत्रों पर जीएसटी समाप्त करने की भी उम्मीद है। उद्यमियों और सरकारी कर्मचारियों को इनकम टैक्स में छूट की आस है लेकिन, अब देखने वाली बात यह होगी कि आम बजट किस वर्ग के लिए कितनी राहत देगा।
क्या कहते हैं किसान नेता-
वह केंद्र सरकार के आम बजट से उम्मीद करते हैं कि उन्हें तेलंगाना की तर्ज पर प्रति एकड़ आठ हजार रुपये की सब्सिडी दी जाए। इसके अलावा यदि सरकार किसानों का ऋण माफ नहीं कर सकती है तो वह कम से कम ब्याज तो माफ कर देना चाहिए।
भाकियू, मंडल अध्यक्ष गढ़वाल, संजय चौधरी
किसानों को सरकार के आम बजट से बहुत सी उम्मीदें है। जिसमें सरकार को कम से कम कृषि यंत्रों पर जीएसटी समाप्त करने के साथ-साथ उर्वरकों पर ओर अधिक सब्सिडी दी जाने की उम्मीद है।
उत्तराखंड किसान मोर्चे, जिला अध्यक्ष, महकार सिंह
किसानों को खेतीबाड़ी के लिए डीजल पर सब्सिडी दी जानी चाहिए। इसके साथ ही कम से कम केसीसी आदि योजना का ब्याज भी माफ करना चाहिए।
किसान क्लब, राष्ट्रीय अध्यक्ष, कटार सिंह