रुड़की के फेज-टू में बाइक सवार दो भाइयों को एक रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक भाई की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार सुबह गोलभट्टा निवासी संदीप (32 वर्ष) पुत्र स्व. राज अपने छोटे भाई मोनू (20 वर्ष) के साथ फेज-टू में प्रतिदिन की तरह बाइक से नौकरी पर जा रहा था। दोनों बाइक से दिल्ली-हरिद्वार हाइवे स्थित राजवाड़ा फार्महाउस के समीप पहुंचे तो सामने से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने छोटे भाई मोनू को मृत घोषित कर दिया। संदीप की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।