लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मोटर मार्ग पर खैरखाल के समीप एक एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। अचानक स्टीयरिंग लॉक हो जाने के कारण एंबुलेंस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर से जा टकराई। गनीमत रही कि क्रैश बैरियर ने वाहन को रोक लिया, जिससे एंबुलेंस गहरी खाई में गिरने से बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना बीते 6 अप्रैल शाम करीब 5 बजे की बतायी जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यमकेश्वर में तैनात 108 एंबुलेंस मरीज को छोड़ने ऋषिकेश गई थी। मरीज को छोड़ने के बाद वापस सीएचसी की ओर लौट रही थी कि अचानक खैरखाल के समीप एंबुलेंस का स्टीयरिंग लॉक हो गया और वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर से टकरा गई।
राहगीरों के मुताबिक सड़क किनारे क्रैश बैरियर होने के कारण एंबुलेंस खाई में गिरने से बच गई। 108 जिला समन्वयक शुभम चौहान ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार स्टेयरिंग लॉक होने से 108 दुर्घटनाग्रस्त हुई है। 108 का स्टेयरिंग क्यों लॉक हुआ इसकी जांच करवाई जा रही है।