एआरटीओ कार्यालय परिसर में खड़ी बसें।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। ऑनलाइन बुकिंग कर दिल्ली जा रही दो प्राइवेट रेड बस को परिवहन विभाग की ओर से सीज कर दिया गया। इन बसों में सवार 71 यात्रियों को रोडवेज की दो बसों से दिल्ली भेजा गया। दोनों बसों को एआरटीओ कार्यालय में खड़ा कर दिया गया है।
एआटीओ प्रवर्तन पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार की रात 11 बजे वह टीम के साथ नेपाली फार्म तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान देहरादून से दिल्ली जा रही दो निजी रेड बस को रोका गया। इस बस में ऑनलाइन रेड बस एप के माध्यम से यात्रियों की ओर से बुकिंग की गई थी। दोनों बसों करीब 71 यात्री सवार थे। रात करीब 12 बजे दोनों बसों को आईएसबीटी लाया गया। यहां पर रोडवेज की दो बसों में इन यात्रियों को शिफ्ट कर दिल्ली भिजवाया गया। दोनों बसों को सीज कर एआरटीओ कार्यालय में खड़ा किया गया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन प्लेटफार्म पर बुकिंग करने के लिए एग्रीगेटर पॉलिसी बनी है, जिसमें किसी राज्य से सवारी को ढोने पर उस राज्य के परिवहन विभाग से लाइसेंस लेना होता, जांच के दौरान बस चालक परिचालक किसी प्रकार का दस्तावेज नहीं दिखा पाए। उन्होंने बताया कि लाइसेंस न लेने पर इन बसों पर 25 हजार से एक लाख तक जुुर्माना लग सकता है। दोनों में से एक बस आगरा के नंबर और दूसरी बस सोनीपत हरियाणा के नंबर पर रजिस्टर्ड है।