मोतीचूर के समीप रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से हरिद्वार देहरादून ऋषिकेश रेलमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। इससे वंदे भारत एक्सप्रेस, अहमदाबाद मेल, बाड़मेर एक्सप्रेस, नैनी जनशताब्दी एक्सप्रेस सहित 12 ट्रेन प्रभावित रही।
शनिवार को दोपहर करीब 3:00 बजे हरिद्वार देहरादून रेल मार्ग पर मोतीचूर जंगल में एक भारी भरकम पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गया। हरिद्वार से देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली करीब 10 ट्रेन प्रभावित हुई। रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेलवे ट्रैक पर पड़े पेड़ को काटकर हटाया।
रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से इलेक्ट्रिक लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। करीब 8:15 बजे बिजली की लाइन को दुरुस्त किया गया। इस दौरान एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को मिलाकर कुल 10 ट्रेन प्रभावित रही। जो ट्रेन प्रभावित हुई उनमें देहरादून से लखनऊ जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस, हरिद्वार से ऋषिकेश जाने वाली चंदौसी पैसेंजर, ऋषिकेश से हरिद्वार की ओर जाने वाली अहमदाबाद मेल, ऋषिकेश से हरिद्वार की ओर जाने वाली बाड़मेर एक्सप्रेस, देहरादून से हरिद्वार की ओर जाने वाली नैनी जनशताब्दी एक्सप्रेस, हरिद्वार से देहरादून जाने वाली गोरखपुर एक्सप्रेस, हरिद्वार से देहरादून जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस, हेमकुंड एक्सप्रेस और हरिद्वार से ऋषिकेश जाने वाली उज्जैनी एक्सप्रेस, ऋषिकेश पैसेंजर, देहरादून लक्सर सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन, जनशताब्दी और पोखा एक्सप्रेस प्रभावित हुई है।
रायवाला रेलवे स्टेशन मास्टर देवेंद्र नेगी ने बताया कि मोतीचूर रेलवे स्टेशन के बीच पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। 8:15 बजे करीब रेलवे लाइन को दुरुस्त कर दिया गया था, जिसके बाद रेल यातायात सुचारू हो सका।