ब्यूरो/अमर उजाला/डोईवाला।
शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में बीएससी, बीकॉम और बीए के पहले सेमेस्टर में प्रवेश लेने के लिए आवेदन फॉर्म बस आज बृहस्पतिवार तक जमा किए जा सकेंगे। इसके बाद मेरिट सूची तैयार की जाएगी। कॉलेज में बीकॉम प्रथम में 60 बीएससी में 60, और बीए के सभी विषयों में 720 सीटों पर प्रवेश होंगे।
कॉलेज में ऋषिकेश, रानीपोखरी, श्यामपुर, रायवाला, छिद्दरवाला आदि कई क्षेत्रों से छात्र-छात्राओं ने प्रवेश को आवेदन पत्र जमा किए हैं। कॉलेज में प्रवेश आवेदन के लिए पहले 8 जुलाई निर्धारित थी। छात्रों की मांग को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने इसे 11 जुलाई बृहस्पतिवार तक बढ़ाया था। कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. एसके कुड़ियाल ने कालेज प्राचार्य डॉ. एमसी नैनवाल के हवाले से बताया कि दाखिले मेरिट के आधार पर होंगे।
इस सत्र से शुरू होगी बीए की कक्षाएं
डोईवाला। दून घाटी कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल एजुुकेशन, डोईवाला में इस शैक्षिक सत्र से बीए प्रथम सेमेस्टर के लिए प्रवेश दिए जाएंगे। कॉलेज प्राचार्य डॉ. ललित शर्मा के मुताबिक यहां बीए की हिंदी, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, समाजशास्त्र और भूगोल कक्षाएं संचालित होंगी।