ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
कांवड़ मेले के दौरान इस वर्ष स्थानीय लोगों के लिए प्रत्येक यूनियन के 15 विक्रम और ऑटो रिजर्व रहेंगे। पुलिस की ओर से प्रत्येक यूनियन के 15 विक्रम और ऑटो को पास दिए जाएंगे। यह निर्णय बुधवार को कोतवाली में विक्रम और ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों तथा पुलिस के साथ हुई बैठक में लिया गया।
कोतवाली ऋषिकेश में बुधवार को सीओ वीरेंद्र सिंह रावत, कोतवाल रितेश शाह और ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रबोध घिल्डियाल के साथ ऋषिकेश तथा हरिद्वार की विभिन्न विक्रम और ऑटो यूनियनों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सीओ वीरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान स्थानीय सवारियों के लिए अक्सर विक्रम और ऑटो न मिलने की शिकायत मिलती है। विक्रम और ऑटो चालक स्थानीय लोगों को नहीं बैठाते तथा श्रद्धालुओं से मनमाना किराया वसूलते हैं। इस वर्ष ऐसी शिकायत न आए इसलिए प्रत्येक यूनियन के 15 विक्रम और ऑटो रिजर्व रहेंगे। यह रिजर्व विक्रम और ऑटो सिर्फ स्थानीय लोगों को ही बैठाएंगे। बैठक में विक्रम यूनियन रामझूला के अध्यक्ष फेरू जगवानी, कोषाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, विक्रम यूनियन ऋषिकेश के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सजवाण, देवभूमि ऑटो यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र लांबा, महासचिव वचन गुप्ता, सहसचिव प्रकाश जाटव, ऑटो रिक्शा मालिक एवं चालक संघ के उपाध्यक्ष सोहन लाल गौनियाल, हरिद्वार की रोडी बेलवाला यूनियन अध्यक्ष जगदीश भारद्वाज, कोषाध्यक्ष देवेंद्र कुमार, सचिव बाला कुरैशी तथा हरिद्वार की विक्रम यूनियन ललताराव पुल के अध्यक्ष कवलजीत सिंह मौजूद रहे।
वाहन छोड़कर फरार न हों, सवारियों को अस्पताल पहुंचाएं
ऋषिकेश। सीओ वीरेंद्र सिंह रावत ने यूनियनों के पदाधिकारियों से कहा कि कांवड़ मेला शुरू होने से पूर्व अपने चालकों के साथ बैठक अवश्य करें। उन्हें बताएं कि यदि उनकी गाड़ी से कोई भी दुर्घटना घटती है तो वाहन छोड़कर फरार न हों। सर्वप्रथम उस सवारी या दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान बाहरी प्रांतों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। उन्हें यहां के अस्पतालों की जानकारी नहीं है। ऐसे में उनकी मदद को आगे बढ़ें। इसके अलावा चालक यात्रा के दौरान अपना लाइसेंस साथ में रखें। नशे में गाड़ी चलाने पर वाहन सीज कर चालान किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने क्षमता से अधिक सवारियां नहीं बैठाने के निर्देश दिए।