तीर्थनगरी के समीप शिवपुरी में द एडवेंचर स्पोर्ट्स सोसाइटी के तत्वावधान में गंगा क्याक फेस्टिवल का विधिवत आगाज हो गया। तीन दिवसीय चैंपियनशिप के उद्घाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि विधायक सुबोध उनियाल ने कहा कि राफ्टिंग और क्याकिंग व्यवसाय ने क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
इस व्यवसाय ने क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजगार से जोड़ा है। इसके संरक्षण के लिए सरकार के साथ ही निजी तौर पर भी प्रयास की जरूरत है। बुधवार को नरेंद्रनगर विधायक सुबोध उनियाल ने शिवपुरी स्थित एचआरआर बीच से राफ्टिंग को हरी झंडी दिखाकर तीन दिवसीय गंगा क्याक फेस्टिवल का शुभारंभ किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि राफ्टिंग व्यवसाय से सीधे तौर पर करीब दो हजार युवा और अपरोक्ष रूप से पांच हजार से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के नियमों से राफ्टिंग, कैंपिंग व्यवसाय में कुछ दिक्कतें सामने आई हैं। इसके बावजूद क्षेत्र की पहचान और रोजगार का जरिया बन चुके इस व्यवसाय को जिंदा रखना जरूरी है।
इस दौरान विधायक ने क्षेत्रवासियों से विरासत में मिली अपनी भूमि को कतई नहीं बेचने को कहा। उन्होंने कहा कि अपनी भूमि बाहरी लोगों को बेचने से भविष्य में उनके स्वरोजगार की संभावनाएं क्षीण हो जाएंगी। लिहाजा उन्हें उक्त भूमि पर निजी व्यवसाय शुरू करना चाहिए।
अकेले से ऐसा नहीं हो पाने की स्थिति में उन्होंने सहकारिता के आधार पर स्वरोजगार शुरू करने का आह्वान भी किया। कहा कि तभी राज्य निर्माण की अवधारणाएं धरातल पर उतर पाएंगी। इस दौरान शिवपुरी से फूलचट्टी गोल्फकोर्स रैपिड तक करीब पांच किलोमीटर लंबी राफ्टिंग प्रतिस्पर्धा आयोजित की गई।
इसमें दर्जन भर टीमों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर द एडवेंचर स्पोर्ट्स सोसाइटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राणा, भीम सिंह चौहान, रमेश रवत, विकास भंडारी, हुकम सिंह भंडारी, अयोध्या प्रसाद, संदीप राणा, विशाल भंडारी, कैलास मेहरा आदि मौजूद थे।