फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संकरे स्टेट हाईवे पर अतिक्रमण का जाल

Thu, 18 Feb 2016 01:56 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/ऋषिकेश
विज्ञापन
विज्ञापन
लक्ष्मणझूला-कांडी-दुगड्डा-रतबाढाब-धूमाकोट स्टेट हाईवे को कुछ लोगों ने निजी जागीर बना ली है। पीपलकोटी में तो स्थिति यह है कि निजी भवन की निर्माण सामग्री का पूरा डंप हाईवे के दोनों ओर लगा दिया गया है। मार्ग पर निर्माण स्थल से निकाली गई मिट्टी भी जमा कर दी गई है।
विज्ञापन


मौके पर बने मिट्टी के दलदल में रोजाना वाहन फंस रहे हैं और राहगीरों को परेशानी हो रही है। अत्यधिक संकरे मार्ग को देखकर किसी रूप में नहीं लगता कि यह स्टेट हाईवे का हिस्सा है। इसी मार्ग से गुजरने वाले प्रशासन, तहसील और पीडब्लूडी के अफसर लापरवाह बने हुए हैं और दिक्कतें आम जनता को उठानी पड़ रही हैं।

स्टेट हाईवे संख्या नौ लक्ष्मणझूला-कांडी मोटर मार्ग प्रकृति के प्रकोप के साथ ही मानवीय कहर भी झेल रहा है। यमकेश्वर प्रखंड के 228 राजस्व और खंड ग्रामों को जोड़ने वाला यह मार्ग आपदा के बाद से अत्यधिक तंग और जोखिम भरा हो गया है। रही सही कसर मार्ग के दोनों ओर निर्माण कार्य कराने वाले लोग पूरी कर दे रहे हैं।
विज्ञापन


पीपलकोटी के समीप स्टेट हाईवे को निर्माण सामग्री जमा कर किए गए अतिक्रमण से इसकी तस्दीक हो रही है। यहां नीलकंठ जाने वाले मार्ग के प्रवेश द्वार के ठीक सामने हाईवे के दायीं ओर मार्ग से सटाकर निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण सामग्री को हाईवे के पर दोनों ओर से रख दिया गया है।

मार्ग पर जेसीबी से बाकायदा पहाड़ी कटान और मिट्टी का ढुलान हो रहा है। लिहाजा यहां से कांडी की ओर जाने वाले लोगों और वाहनों को क्रास करने में परेशानी हो रही है। मजेदार बात यह है कि काफी समय से जारी निर्माण कार्य के चलते राजमार्ग पर निर्माण सामग्री लगातार डंप की जा रही है। लेकिन हाईवे से रोजाना गुजरने वाले प्रशासनिक और लोनिवि के अधिकारी यह सब देखकर भी अनदेखा कर रहे हैं।


क्या कहते हैं स्थानीय लोग
सामाजिक कार्यकर्ता इंद्र दत्त शर्मा का कहना है कि हाईवे के आसपास किए जा रहे निर्माण कार्यों पर नजर और राजमार्ग पर किसी तरह के अतिक्रमण को रोकना प्रशासन और संबंधित विभाग का कार्य है। लोग क्षेत्र में अपनी भूमि बेच रहे हैं, खरीददार उस पर निर्माण कार्य करा रहे हैं। लेकिन इसकी आड़ में हाईवे को बाधित करना आम जनता के लिए परेशानी का सबब नहीं बने, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। समाजसेवी ऋषि कुमार कंडवाल का कहना है कि जिस जगह निर्माण हो रहा है वहां नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है।


 मार्ग दुगड्डा डिवीजन का है। लेकिन वर्तमान में आपदा में क्षतिग्रस्त स्टेट हाईवे का पीपलकोटी हिस्सा पीडब्लूडी एडीबी आपदा डिवीजन के पास है। लिहाजा कार्रवाई उसी डिवीजन को करनी है।-केएस राणा, सहायक अभियंता पीडब्लूडी दुगड्डा डिवीजन


हमारे खंड को आपदा मद में मरम्मत कार्य के लिए मार्ग हस्तांतरित हुआ है। मार्ग की भूमि सभी दस्तावेज मूल विभाग पीडब्लूडी दुगड्डा डिवीजन के पास हैं, लिहाजा उक्त जानकारी विभाग ही दे सकता है कि मार्ग पर अतिक्रमण किया गया है या नहीं।-आलोक जैन, एई पीडब्लूडी एडीबी आपदा डिवीजन, पौड़ी

पीपलकोटी में मार्ग को निर्माण कार्य के चलते बाधित किया गया है। तहसील की रिपोर्ट पर संबंधित को नोटिस जारी किया गया है। निर्माण कार्य पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्माण होता है तो संबंधित तहसील के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-गोपाल राम बिनवाल, प्रभारी एसडीएम यमकेश्वर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें