महाविद्यालय में हेलमेट का निरीक्षण करते प्राचार्य डॉ. एनपी माहेश्वरी
- फोटो : RISHIKESH
नये मोटर वाहन अधिनियम के अनुपालन के तहत पंडित ललित मोहन शर्मा राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। मंगलवार को हेलमेट न पहनकर आने वाले छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय प्रशासन ने उलटे पांव वापस लौटा दिया। इस दौरान कई बार छात्र-छात्राओें और महाविद्यालय प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। विदित हो कि श्रीदेव सुमन कैंपस ऋषिकेश में श्यामपुर, आईडीपीएल, हरिपुरकलां, छिद्दरवाला, रायवाला, लक्ष्मणझूला, मुनिकीरेती, ढालवाला आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों से छात्र-छात्राएं पहुंचते हैं।
सुरक्षा के तहत राजकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय प्रशासन ने महाविद्यालय में दोपहिया वाहन लाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए हेलमेट अनिवार्य कर दिया गया है। इसी क्रम में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. एनपी माहेश्वरी के नेतृत्व मेें महाविद्यालय के गेट पर दोपहिया वाहनों का चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकांश छात्र-छात्राओं के पास हेलमेट न होने के कारण उन्हें महाविद्यालय में प्रवेश करने से रोका गया। इस दौरान कई छात्र-छात्राओं की प्राचार्य से तीखी बहस भी हुई। मगर प्राचार्य के आगे उनकी एक न चली और उन्हें वापसी का रुख करना पड़ा।
इस दौरान प्राचार्य डॉ. एनपी माहेश्वरी ने बताया कि नये मोटर वाहन अधिनियम के तहत दोपहिया वाहन प्रयोग करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए हेलमेट अनिवार्य रूप से लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि बिना हेलमेट के किसी भी दोपहिया वाहन चलाने वाले छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।