फूलचट्टी के पास गोल्फ कोर्स रैपिड में राफ्ट पलटने से गंगा में बहे कोलकाता के पर्यटक का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया। दिनभर एसडीआरएफ की टीम पर्यटक की तलाश में जुटी रही। पर्यटक के परिजन भी ऋषिकेश पहुंच गए है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी में शनिवार देर शाम राफ्ट पलटने के दौरान चार पर्यटक गंगा में बह गए। इनमें से दो पर्यटकों वजाहत और गौरव ने राफ्ट की रस्सी पकड़ ली। राफ्टिंग गाइड और हेल्पर ने दोनों को तुरंत ऊपर खींचकर बचा लिया। वहीं तैराकी में दक्ष एक पर्यटक पंकज तैरकर एक चट्टान पर चढ़ गया। उसको बाद में रेस्क्यू कर लिया गया। तीसरे पर्यटक अंकित मुखर्जी (25) पुत्र आरोप मुखर्जी निवासी 5 सूर्य सारणी, बैरकपुर, कोलकाता, पश्चिम बंगाल को राफ्टिंग गाइड ने बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी लाइफ जैकेट निकल गई। पर्यटक गंगा की लहरों में बहकर कुछ देर में लापता हो गया। शिवपुरी चौकी इंचार्ज सुनील पंत ने बताया कि दूसरे दिन भी एसडीआरएफ की टीम ने अंकित की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं चल पाया। उन्होंने बताया कि पुलिस की सूचना पर अंकित के परिजन ऋषिकेश पहुंच गए हैं। चौकी इंचार्ज सुनील पंत ने बताया कि सोमवार को फिर से अंकित की तलाश की जाएगी।