शिवपुरी में हाइवे पर पैराफिट के किनारे बैठे एक युवक का संतुलन बिगड़ने से गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उसको बचाने उतरा उसका साथी भी खाई में गिरने से गंभीर घायल हो गया। मृतक युवक गोवा के एक होटल में काम करता था। एक महीने पहले ही घर पर छुट्टी आया था। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
मंगलवार दोपहर शिवपुरी में हाईवे पर पैराफिट के किनारे दो युवक बैठे हुए थे, इसी बीच संतुलन बिगड़ने से एक युवक गहरी खाई में समा गया। उसे बचाने साथी युवक भी खाई में उतरा। पर संतुलन बिगड़ने पर वह भी नीचे जा गिरा। हादसा के बाद आसपास के दुकानदार उस ओर दौड़े और पुलिस की मदद से दोनों युवकों को खाई से बाहर निकाल लाए और गंभीर हालत में ऋषिकेश सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त सुमित रौतेला (23) पुत्र डीएस रौतेला निवासी आशुतोष नगर के रुप में कराई। जबकि घायल आकाश भट्ट (20) पुत्र विजय भट्ट निवासी प्रगति विहार है। सूचना मिलने पर युवकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन देखने के चक्कर में हुआ हादसा
थाना प्रभारी निरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि बीते सोमवार को शिवपुरी में जिस स्थान पर खाई में गिरने से जीप दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। मंगलवार दोपहर शिवपुरी में उसी स्थान पर सुमित और आकाश पैराफिट के पास खड़े हो से नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त जीप को देख रहे थे, तभी सुमित खाई में लुढ़क गया, सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। उनकी स्कूटी सड़क के किनारे खड़ी मिली।
अधूरी रह गई विदेश जाने की तमन्ना
हादसे में सुमित की मौत के बाद परिजन सरकारी अस्पताल में रोते बिलखते रहे। मां के आंसू नहीं थम रहे थे। सिसकते हुए कह रही थी सुमित तू वापस आ जा मुझे पैसे नहीं चाहिए। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक सुमित गोवा होटल में काम करता था और एक महीने पहले छुट्टी लेकर घर आया था। मां को अक्सर कहता था कि मैने बहुत पैसे कमा लिए हैं, तेरे खाते में भी पैसे जमा कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि उसे विदेश होटल में जॉब मिली थी। जुलाई में उसे वहां ज्वाइन करना था। सुमित दो भाईयों में छोटा था। बड़ा भाई राफ्टिंग का कार्य करता है। पिता एक स्कूल की बस चलाते हैं।