भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शिविर का समापन हो गया। यह शिविर गीतानगर स्थित मानव चेतना केंद्र में आयोजित किया जा रहा था। समापन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विदेशी भी हमारी ताकत लोहा मान रहे हैं।
मंगलवार को प्रशिक्षण वर्ग शिविर के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि भारत की ताकत का ही प्रभाव है कि यूक्रेन रशिया युद्ध के दौरान जो छात्र भारत का झंडा लेकर निकला उसको रोका नहीं गया। पाकिस्तान छात्र भी भारत का झंडा लेकर अपने देश पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी की पहल के बाद सारे देश आतंकवाद की एक ही सुर में बुराई कर रहे हैं। कोरोना काल में देश में वैक्सीन का निर्माण करके विदेशों को भी मदद पहुंचाई गई। उन्होंने कहा कि भारत जल्द ही विश्व गुरु बनने की राह पर अग्रसर हो रहा है। प्रशिक्षण वर्ग में आज तीन सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र में प्रदेश प्रवक्ता मयंक गुप्ता ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति को समाप्त करने का कितना ही प्रयास किया गया, लेकिन गुरु तेगबहादुर और गुरुगोविंद सिंह जैसे महापुरुषों ने स्वयं का बलिदान कर सनातन संस्कृति को जीवित रखा। द्वितीय सत्र में पूर्व राज्य मंत्री आदित्य कोठारी ने कहा कि सर्वग्राही, सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी संगठन खड़ा करना हमारा कर्तव्य होना चाहिए। कार्यकर्ता में परस्पर सहयोग की भावना होनी चाहिए।
इस अवसर पर सुदेश कंडवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, मेयर अनीता ममगाईं, शांति जुवांठा, अरुण मित्तल, दिनेश सती, संजय शास्त्री, शमशेर सिंह पुंडीर, देवेंद्र दत्त सकलानी, धनदेश उनियाल, संदीप गुप्ता, संपूर्ण सिंह रावत, विनोद कश्यप, पंकज शर्मा, राजेश जुगलान, नीलम चमोली आदि उपस्थित थे।