व्यापारियों के विरोध के बाद 11 नवंबर तक की मोहलत, 12 नवंबर को पुलिस बल के साथ होगी कार्रवाई
रायवाला। नुमान चौक पर अतिक्रमण हटाने पहुंची तहसील प्रशासन की टीम को शुक्रवार को व्यापारियों के विरोध के चलते बिना अतिक्रमण हटाए लौटना पड़ा। टीम ने मौके पर चिह्नीकरण की कार्रवाई करते हुए व्यापारियों को 11 नवंबर तक स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। कानूनगो भोला सिंह के अनुसार, 12 नवंबर को पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार शाम करीब चार बजे कानूनगो और लेखपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस बार प्रशासन की ओर से जेसीबी भी मंगवाई गई थी, लेकिन कार्रवाई शुरू होने से पहले ही व्यापारियों ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान व्यापारियों और ग्राम प्रधान के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। व्यापारियों का कहना था कि अतिक्रमण हटाना है तो पूरे क्षेत्र में समान रूप से कार्रवाई की जाए। कुछ व्यापारियों को निशाना बनाना उचित नहीं है। उन्होंने दीपावली तक की मोहलत देने की मांग की।
गौरतलब है कि तहसील प्रशासन की टीम तीसरी बार अतिक्रमण हटाने पहुंची थी, लेकिन कार्रवाई फिर टल गई। हनुमान चौक से इंटर कॉलेज तक करीब तीन महीने से इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। स्थानीय लोग पुरानी सड़क की खुदाई के बाद नई सड़क बनाने की मांग कर रहे थे, जिसके चलते निर्माण कार्य रुका हुआ है। वहीं, इंटर कॉलेज के पास सड़क की स्थिति भी बेहद खराब बनी हुई है।