ऋषिकेश। तपोवन के गऊघाट में दोस्तों के साथ गंगा में नहा रहा एक युवक डूब गया। दोस्त कुछ कर पाते, इस दौरान वह गंगा की तेज धाराओं में ओझल हो गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना थाना मुनिकीरेती पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन युवक का कहीं कुछ पता नहीं चला। युवक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है।
तपोवन चौकी प्रभारी सुनील पंत ने बताया कि डूबने वाला युवक उज्ज्वल कुमार तिवारी (22) पुत्र वीरेंद्र तिवारी, निवासी 592, केए/110 डिफेंस कॉलोनी, सेक्टर एक तेलीबाग, थाना पीजीआई लखनऊ (उत्तरप्रदेश) अपने अन्य दोस्त विपुल और वैभव शुक्ल के साथ शनिवार को लखनऊ से ऋषिकेश घूमने आया था। सुबह लगभग 8:50 से 9:10 के बीते तीनों दोस्त तपोवन स्थित गऊघाट पहुंचे। घाट खाली देखकर वे सब यहां पर नहाने लगे। एक दो बार डुबकी लगाने के बाद वह उज्जवल अचानक डूबने लगा। उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे तैराकी न जानने के कारण उसे नहीं बचा सके और वह डूब गया।