न्याय पंचायत रानीपोखरी के खलदार गांव में दशकों बाद ग्रामीणों को पानी के प्राकृतिक स्रोत (गदेरे) से पानी ढोने की समस्या से निजात मिलेगी। जल निगम ने प्राकृतिक स्रोत पर सोलर पंपिंग स्टेशन का प्रस्ताव शासन को भेजा है, जिसे जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस योजना से करीब सौ परिवार लाभांवित होंगे।
ग्राम पंचायत रखवाल के खलदार गांव में सरकारी पानी की सुविधा नहीं है। ऐसे में ग्रामीण हलक तर करने और घरेलू कामकाज निपटाने के लिए गांव से नीचे पानी के प्राकृतिक स्रोत से पानी ढोने को मजबूर हैं।
पेयजल समस्या से जूझ रहे ग्रामीण पिछले काफी समय से पेयजल सुविधा बहाल करने की मांग उठाते आए हैं। संबंधित विभाग, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगाते आ रहे हैं। देर से ही सही ग्रामीणों की मांग रंग लाई और कार्यदायी संस्था जल निगम ने खलदार-कौडसी गदेरे में सोलर पंपिंग स्टेशन बनाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। ग्राम प्रधान दीपक चंद ने बताया कि सोलर पंपिंग स्टेशन बनने से ग्रामीणों को पानी ढोने की समस्या से निजात मिलेगी। दरअसल, पानी का प्राकृतिक स्रोत गांव से काफी नीचे है, ऐसे में लोगों को काफी दिक्कत होती है।
पेयजल सुविधा से रुकेगा पलायन
खलदार गांव में करीब 150 परिवार थे। पेयजल की सुविधा नहीं होने से 50 से अधिक परिवार भोगपुर, थानो में पलायन कर चुके हैं। गांव में सोलर पंपिंग स्टेशन बनने से लोगों को घरों में भरपूर पानी मिलेगा, जिससे गांव से पलायन रुकेगा। क्षेत्र पंचायत सदस्य बलवंत रावत ने बताया कि पेयजल योजना का लाभ खलदार के साथ समीप मंजूला गांव को भी मिलेगा।
खलदार गांव में सोलर पंपिंग स्टेशन निर्माण के लिए अनुमानित 31 लाख की लागत का प्राकलन तैयार कर शासन को भेज दिया। वित्तीय स्वीकृति मिलते ही योजना क्रियान्वित होगी। प्राकृतिक स्रोत से पानी लिफ्ट कर लोगों के घरों तक पहुंचाया जाएगा। पानी के प्राकृतिक स्रोत का संरक्षण भी होगा।
सीताराम, अधिशासी अभियंता जल निगम दून