श्यामपुर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से अंग्रेजी शराब की छह पेटी, 106 पव्वे और 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली निरीक्षक रवि सैनी ने बताया कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में सघन चेकिंग और छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार रात को श्यामपुर चौकी प्रभारी राम नरेेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम विभिन्न स्थानों पर चेकिंग और गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम ने श्यामपुर गढ़ी में पेट्रोल पंप के पास एक कार से छह पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। आरोपी कार चालक की पहचान अमित गोस्वामी निवासी अदिति विहार, श्यामपुर, ऋषिकेश, जिला देहरादून के रूप में हुई है। इसी प्रकार काले की ढाल के पास से पुलिस ने एक युवक को 54 अंग्रेजी शराब के पव्वों के साथ पकड़ा। आरोपी ने अपना नाम संतोष निवासी सर्वहारा नगर, काले की ढाल, ऋषिकेश, जिला देहरादून बताया। श्यामपुर में ग्रीन चिली रेस्टोरेंट के पास पुलिस ने एक युवक के पास से 52 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब के बरामद किए। आरोपी की पहचान अनुज रावत निवासी नवाब वाला, छिद्दरवाला, जिला देहरादून के रूप में हुई है। वहीं गुमानीवाला स्थित मनसा देवी प्राइमरी स्कूल के पास पुलिस ने एक व्यक्ति को 20 लीटर कच्ची शराब के साथ पकड़ा। आरोपी की पहचान सुच्चा सिंह निवासी मनसा देवी, गुमानीवाला, ऋषिकेश जिला देहरादून के रूप में हुई है। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं तस्करी के लिए इस्तेमाल की गई कार को सीज कर दिया गया है।