प्रयागराज महाकुंभ में वहां की व्यवस्थाओं को परखने, समझने और इस पर एक रिपोर्ट तैयार करने के लिए एसडीआरएफ के एक विशेषज्ञों की टीम आज जौलीग्रांट मुख्यालय से प्रयागराज को रवाना होगी।
सेनानायक अर्पण यदुवंशी के नेतृत्व में 18 सदस्यीय टीम आज रवाना होगी। एसडीआरएफ विशेषज्ञ की टीम प्रयागराज जाकर वहां पुलिस, प्रशासन और महाकुंभ में तैनात सभी दूसरी एजेंसियों के कार्यों को देखकर एक रिपोर्ट तैयार करेगी। जिससे आने वाले समय में हरिद्वार में आयोजित होने वाले अद्धकुंभ, कुंभ और प्रदेश में अन्य स्थानों में रेस्क्यू कार्यों में मदद मिल सकेगी।
एसडीआरएफ की टीम प्रयागराज में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, कंट्रोल रूम की कार्य प्रणाली, अखाड़ों के शाही स्नान, वहां की ट्रैफिक व्यवस्था, सीसी टीवी कार्यप्रणाली, श्रद्धालुओं के ठहरने, खाने आदि की व्यवस्थाओं को लेकर एक रिपोर्ट तैयार करेगी।
एसडीआरएफ इस तरफ भी ध्यान देगी कि पुलिस, प्रशासन और अन्य एजेंसियां किस तरह आपस में मिलकर एक साथ इतना बड़ा आयोजन को सफल बना रहे हैं।
-
बड़ी चुनौतियों से निपटने में रही कामयाब
2013 में केदारनाथ आपदा के बाद उत्तराखंड एसडीआरएफ का गठन किया गया था। अब तक एसडीआरएफ सैकड़ों लोगों की जान बचा चुकी है। वहीं सिलक्यारा टनल हादसे समेत कई दूसरे बड़े रेस्क्यू को सफलतापूर्वक अंजाम दे चुकी है। यही कारण है कि प्रदेश की एसडीआरएफ को देश की उत्कृष्ट रेस्क्यू फोर्स में शामिल किया गया है। जिस कारण कई प्रदेशों ने इसे अपने यहां बुलाया है।
-
18 सदस्यीय टीम 26 जनवरी को प्रयागराज रवाना होगी। टीम वहां जाकर पुलिस, प्रशासन और महाकुंभ में तैनात सभी दूसरी एजेंसियों के कार्यों को देखकर एक रिपोर्ट तैयार करेगी। जिसके बाद उस रिपोर्ट के आधार पर उत्तराखंड में आगामी समय में होने वाले धार्मिक आयोजन और दूसरे रेस्क्यू कार्यों में मदद मिल सकेगी। - अर्पण यदुवंशी, सेनानायक एसडीआरएफ