एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में आईसीयू वार्ड का निरीक्षण करती एसडीएम डॉ.अपूर्वा सिंह।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम डॉ. अपूर्वा सिंह ने एसपीएस राजकीय अस्पताल में कोविड व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। एसडीएम ने पीएसए ऑक्सीजन प्लांट के लिए चिह्नित स्थान और ऑक्सीजन सप्लाई के मेनिफोल्ड सिस्टम का भी जायजा लिया। अस्पताल प्रशासन ने कोविड और सामान्य आईसीयू के संचालन के चार विशेषज्ञ चिकित्सक और प्रशिक्षित स्टाफ की मांग की है।
कोविड की आशंकित तीसरी लहर को देखते हुए एसडीएम डॉ. अपूर्वा सिंह ने शुक्रवार शाम राजकीय अस्पताल में 10 बेड के सामान्य आईसीयू, छह बेड के कोविड आईसीयू, छह बेड के पीकू, चार बेड के नीकू और सेंट्रेलाइज्ड ऑक्सीजन सप्लाई वाले छह बेड बाल चिकित्सा वार्ड की व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं अस्पताल के मुख्यद्वार के पास पीएसए ऑक्सीजन प्लांट के चिह्नित स्थान और मेनिफोल्ड सिस्टम को देखा। सीएमएस डॉ. विजयेश भारद्वाज ने एसडीएम को बताया कि अस्पताल के मेनिफोल्ड सिस्टम से 26 बेड पर आठ जंबो सिलिंडर से ऑक्सीजन सप्लाई दी जाती है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त संख्या में ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध है। सीएमएस ने बताया कि अस्पताल में सभी आईसीयू वार्ड तैयार है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में दो बाल रोग विशेषज्ञ तैनात है। सीएमएस ने बताया कि आईसीयू संचालन के लिए फिजिशियन और छह स्टॉफ नर्स को प्रशिक्षण दिया गया था। लेकिन आईसीयू और डायलिसिस मशीन के संचालन के लिए अस्पताल को एनेस्थेटिक, ईएनटी सर्जन, नेफ्रोलोजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट, गेस्ट्रोलॉजिस्ट की जरूरत है। अब एसडीएम कोविड व्यवस्थाओं की रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौपेंगी। निरीक्षण के दौरान कोविड नोडल अधिकारी डॉ. संतोष पंत, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित उपाध्याय, प्रशासनिक अधिकारी नीरज गुप्ता आदि थे।