तीर्थनगरी और समीपवर्ती क्षेत्रों में शुक्रवार की देर शाम नमक के दाम बढ़ने की अफवाह से लोगों में खलबली मच गई। नमक खरीदने के लिए लोग दुकानों की ओर दौड़ पड़े। कई दुकानदारों ने अफवाह का लाभ उठाते हुए नमक को कई गुना दामों में बेचा। आलम यह रहा कि 20 से 25 रुपये में बिकने वाला नमक 80 से 100 रुपये प्रति किलो तक बिका।
शुक्रवार की शाम काले धन पर सर्जिकल स्ट्राइक के बीच नमक के मूल्य में बेतहाशा वृद्धि होने की अफवाह फैली। यह खबर सुनकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति यह हुई कि नमक खरीदने के लिए लोगों ने दुकानों का रुख करना शुरू कर दिया। हरिद्वार रोड, रेलवे रोड, जीवनी माई रोड, मुखर्जी मार्ग पर नमक खरीदने के लिए दुकानों पर लोगों की भीड़ लग गई।
स्थानीय निवासी राजेश शाह ने बताया कि उन्होंने नमक के दो पैकेज 160 रुपये में खरीदे। प्रदीप जस्सल ने बताया कि नमक खरीदने गए तो दुकानदार बोला स्टॉक खत्म हो गया है। कमोबेश यही हाल डोईवाला, रानीपोखरी, रायवाला, हरिपुरकला में भी रहा। यहां लोग नमक के दामों में वृद्धि की सूचना पर दुकानों की ओर दौड़ पड़े। देर शाम तक अफरातफरी का माहौल रहा। वहीं, मामले को लेकर एसडीएम से संपर्क साधने का बार प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।