एम्स हैलीपैड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करते पीएम मोदी।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की जनता से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी युवा कैबिनेट के लिए आशीर्वाद मांग। प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अगले तीन सालों में गठन के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है। तब उत्तराखंड जिन ऊचाइयों पर होगा इसको तय करने कर जुट जाने का यही सही समय है। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड निर्माण का सपना पूरा किया था। अटल मानते थे कि कनेक्टिविटी का सीधा कनेक्शन विकास से हैं। उनकी प्रेरणा आज देश कनेक्टिविटी की ढांचागत व्यवस्थाओं के लिए बड़े पैमाने पर अभूतपूर्व कार्य हो रहा है। उत्तराखंड सरकार भी इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। बाबा केदार के आशीर्वाद से केदारधाम की भव्यता को और बढ़ाया जा रहा है। वहां श्रद्धालुओं के नई सुविधाएं विकसित की जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी कई बार ड्रोन कैमरा से कार्यों की समीक्षा करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि चारधाम को जोड़ने वाली ऑल वेदर रोड पर काम तेजी के साथ चल रहा है। चारधाम परियोजना गढ़वाल और कुमाऊं के चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों को आपस में जोड़ रही है। कुमाऊं में चारधाम रोड के 150 किलोमीटर से अधिक हिस्से के निर्माण से क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके ड्रीम प्रोजेक्ट ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियाजनो से उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी को विस्तार मिलेगा। पानी की कनेक्टिविटी को लेकर भी सराहनीय कार्य हुआ है। इसका बड़ा लाभ महिलाओं को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ढांचागत व्यवस्था होने के बाद विरान पड़े गांव फिर से आबाद होने लगेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने युवाओं और किसानों के साथ बातचीत की। वे बताते है कि अब गांव तक सड़क पहुंचने लगी है। कई लोगों ने होम स्टे खोल दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा यह सुनकर मन को बड़ी संतुष्टि मिलती है। उन्होंने कहा कि रेल, सड़कें और एयर कलेक्टिविटी से प्रदेश में तीर्थाटन पर्यटन और उद्योगों का बढ़ावा मिलेगा।
हवाई सेवाओं की बुनियादी व्यवस्था में हुआ सुधार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कि प्रदेश में रेल सड़क और एयर कनेक्टिविटी लाभ मिली है। देहरादून हवाई अड्डे की क्षमता को 250 यात्रियों से बढ़ाकर 1200 तक पहुंचाया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के उर्जावान और उत्साही नेतृत्व में उत्तराखंड हवाई सेवाओं की बुनियादी व्यवस्था में बड़ा सुधार किया गया है।
दो साल में छह लाख घरों तक नल से पहुंचा पानी
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2019 में जल जीवन मिशन शुरू हुआ था। तब प्रदेश में महज 1 लाख 20 हजार घरों में नल से जल पहुंचता था। लेकिन आज 7 लाख 10 हजार घरों में नल से पानी की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि सिर्फ दो वर्ष के बीच राज्य के करीब छह लाख घरों में नल से जल की सुविधा पहुंचाई गई।