ऋषिकेश। आस्थापथ ऋषिकेश में नगर निगम की ओर से शहर के कलाकारों की ओर से गोमुख से लेकर गंगा सागर तक बनाई गई पेंटिंग का मेयर अनिता ममगाई ने लोकार्पण किया। मेयर लोगों को गंगा की स्वच्छता के लिए सजग प्रहरी बनकर कार्य करने की शपथ दिलाई। वहीं शहर में गंगा की स्वच्छता के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रहे पं. रवि शास्त्री, रोहित प्रताप, अशोक बेलवाल को तीर्थ नगरी का स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर बनाया गया।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में मेयन ने साईं घाट के समीप आस्था पथ पर गंगा किनारे बनवाई गई बेहद खूबसूरत पेंटिंग का लोकार्पण किया। पेंटिंग में गोमुख, हिमालय, भागीरथी नदी, अलकनंदा नदी, देवप्रयाग संगम, कौड़ियाला, ऋषिकेश, त्रिवेणी घाट, हरिद्वार हरकी पैड़ी आदि का सजीव चित्रण देवभूमि के हुनरमंद कलाकारों की ओर से किया गया है। आस्थापथ पर चार सौ स्क्वायर फिट के एरिया में मां गंगा की गोमुख से हरिद्वार तक कि यात्रा के जीवंत चित्रण की पेंटिंग सभी के आर्कषण का केंद्र रही। मेयर ने कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को इन पेंटिंग को देखकर उत्तराखंड की महान संस्कृति के दर्शन होंगे।
दूसरी बार गंगा स्वच्छता के ब्रांड एंबेसडर बने रवि शास्त्री ने बताया कि वह मां गंगा की धारा को निर्मल और स्वच्छ बनाए रखने के लिए कई वर्षों से त्रिवेणीघाट से गोमुख तक की यात्रा करते हैं। इस यात्रा के माध्यम से वह आसपास गंगा किनारे रह रहे लोगों को मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने की अपील करते हैं। कहा गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए वह आगे भी कार्यरत हैं।
इस मौके पर सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, पार्षद मनीष शर्मा, विजय बडोनी, विजेंद्र मोगा, अनीता प्रधान, अनीता रैना, लक्ष्मी रावत, राजेश दिवाकर, उमा बृजपाल राणा, शकुंतला शर्मा, पंकज शर्मा, गौरव कैंतुरा, शीलू अग्रवाल, प्रिया ढकाल, गुरविंदर सिंह, लक्ष्मी शर्मा, शैलेंद्र रस्तोगी, ममता नेगी, धीरेंद्र सेमवाल, अभिषेक मल्होत्रा, सचिन रावत, प्रशांत कुकरेती आदि मौजूद थे।