रायवाला में रेल अंडर पास निर्माण कार्य के लिए रेल ट्रेक बदलने का कार्य करते कर्मचारी ।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। रायवाला और मोतीचूर के मध्य रेलवे अंडरपास के काम के चलते हरिद्वार से ऋषिकेश के बीच ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। इससे रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को दूसरे साधनों से हरिद्वार तक पहुंचना पड़ा।
रेल लाइन और अंडरपास के काम को लेकर रेलवे मुरादाबाद मंडल की ओर से मेगा ब्लॉक रखा गया था। इससे हरिद्वार और योगनगरी ऋषिकेश और पुराने ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के मध्य ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। यह मेगा 11:10 बजे से 17:40 बजे तक का था।
मेगा ब्लॉक के कारण ऋषिकेश से संचालित होने वाली अहमदाबाद मेल और प्रयागराज एक्सप्रेस का संचालन हरिद्वार से हुआ। अहमदाबाद मेल दोपहर 12:30 बजे आती है और 14:50 बजे वापस जाती है। प्रयागराज एक्सप्रेस 14:35 बजे आती है 17:35 बजे वापस जाती है। वहीं पुराने रेलवे स्टेशन पर मेगा ब्लॉक का कोई असर नहीं हुआ। यहां हेमकुंड एक्सप्रेस सुबह 8:30 बजे और बाडमेर एक्सप्रेस सुबह 9:40 बजे आ गई थी। ऋषिकेश से बोकारो (छत्तीसगढ़) निवासी महेश ने बताया कि उन्होंने अहमदाबाद मेल से लक्सर तक जाना था। लक्सर से उन्हें पंजाब से बोकारो जाने वाली ट्रेन में बैठना था। रेलवे ने उन्हें ट्रेन के कैंसिल होने की जानकारी नहीं दी।
रायवाला में अंडरपास के कुछ काम करने को लेकर मेगा ब्लॉक लिया गया था। जिन यात्रियों ने अहमदाबाद मेल और प्रयागराज एक्सप्रेस में टिकट बुक कराया था, उन्हें ट्रेन कैंसिल होने की सूचना से मोबाइल में मैसेज से दे दी गई थी।
-जीएस परिहार, स्टेशन प्रबंधक, योगनगरी रेलवे स्टेशन ऋषिकेश।