शिक्षा विभाग की लचर व्यवस्था प्रणाली का दंश यमकेश्वर ब्लॉक के शासकीय और अशासकीय विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है।
ब्लॉक में करीब 15 शासकीय राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अलावा छह अशासकीय इंटर कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इनमें से मात्र तीन राजकीय इंटर कॉलेज और दो अशासकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक के पद सृजित हैं। शेष अन्य विद्यालयों में लंबे समय से प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्यों के पद रिक्त चल रहे हैं।
यमकेश्वर ब्लॉक अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज बनचूरी, राजकीय इंटर कॉलेज मोहन चट्टी, राजकीय इंटर काॅलेज भृगुखाल, राजकीय इंटर काॅलेज गैंडखाल, राजकीय इंटर कॉलेज हीराखाल, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शीला, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चोपड़ा, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परंदा, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिलधारखाल, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिगड्डी, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माला, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटा, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमोला, श्री शिव दयाल गिरी इंटर काॅलेज पोखरखाल, इंटर कॉलेज किमसार, इंटर कॉलेज बुधौली, इंटर कॉलेज चमकोट खाल में प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक नहीं हैं।
सिर्फ राजकीय इंटर कॉलेज लक्ष्मणझूला, राजकीय इंटर कॉलेज गंगा भोगपुर, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तल्ला बनास, जनता इंटर कॉलेज नीलकंठ, इंटर कॉलेज यमकेश्वर में प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक की तैनाती है।
-
कोट
यमकेश्वर ब्लॉक में रिक्त चल रहे प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्यों की तैनाती शासन स्तर पर की जाएगी। इसके लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया जा चुका है। - नागेंद्र बड़थ्वाल, मुख्य शिक्षाधिकारी पौड़ी