लालतप्पड़ चौकी क्षेत्र में एक बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक एमएससी छात्र की मौत हो गई और उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घायल को जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया है।
घटनाक्रम के मुताबिक बीते सोमवार रात बाइक सवार दो युवक रायवाला से दून की ओर जा रहे थे। हाईवे पर लालतप्पड़ क्षेत्र में साईं मंदिर के पास बाइक बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार गंभीर घायल हो गए। उन्हें जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
लालतप्पड़ चौकी इंचार्ज रामनरेश शर्मा ने मृतक की शिनाख्त पलजार (22) पुत्र करमा भूटिया निवासी गंगटोक, सिक्किम के रूप में कराई। उन्होंने बताया कि हादसे में मृत छात्र डीएवी कालेज में एमएससी इंग्लिश का छात्र था और पटेलनगर, दून में किराए पर रहता था। घायल छात्र गादिन भूटिया (20) पुत्र लांडूप भूटिया निवासी गंगटोक बीएससी में पढ़ता है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है।