रायवाला थाना क्षेत्र के हरिपुरकलां के गंगानगर में बदमाशों ने जंगल से सटे एक घर में घुसकर एक महिला से गहने और नकदी लूट लिए। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज फरार बदमाशों की तलाश में जुट गई है। थाना पुलिस ने जल्द ही लूट को अंजाम देने वाले सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि मंगलवार सुबह चार बजे पुलिस कंट्रोल रूम को हरिपुरकलां के गंगानगर के घर में लूट की सूचना मिली। वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। घर जंगल के काफी करीब था। पुलिस को दी तहरीर में पूजा कश्यप पुत्री रमेश कश्यप निवासी हरिपुरकलां, थाना रायवाला, जिला देहरादून ने बताया कि सुबह वह परिवार के साथ घर पर मौजूद थीं। रात को करीब 2.30 पर तीन-चार अज्ञात बदमाश उनके घर का दरवाजा तोड़कर भीतर घुस आए। बदमाशों ने उनकी मां रामरती पर हमला कर कान के सोने के कुंडल, पायल, नोजपिन, घर का कुछ सामान और 12 हजार की नकदी लूट ली। आरोपी उनको धमका कर जंगल की ओर भाग गए। रायवाला थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चारों के खिलाफ लूट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए टीम गठित कर दी गई है। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही वारदात में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।