छत्तीसगढ़ में आयोजित की गई राष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्ट्रांग मैन ऑफ इंडिया का खिताब जीतने वाले माजरी निवासी मनप्रीत सिंह का बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कहा कि विधानसभा के युवा राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।
बुधवार को कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने माजरी में मनप्रीत सिंह का स्वागत किया। इससे पहले भी साल 2021 में झारखंड जमशेदपुर में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में भी मनप्रीत ने खिताब जीता था। मनप्रीत ने बताया कि अब वह एशिया कप के लिए तैयारियां कर रहे हैं। कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि डोईवाला विधानसभा में तमाम प्रतिभाऐं है। प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना चाहिए। इस दौरान जरनैल सिंह, जसवीर सिंह, जसवंत सिंह, सुनील कुमार बर्मन, इंद्रपाल सिंह, अमरजीत सिंह आदि मौजूद थे।
नव दिव्यांग सेवा संस्थान ने प्रधानमंत्री कार्यालय से जंगली जानवरों को आबादी में रोकने के लिए वन क्षेत्रों में वाइल्ड लाइफ डिसेमिनेटर मशीन लगाने की मांग की है। जिस पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने मुख्य सचिव उत्तराखंड को इस बाबत निर्देशित किया है। संस्थान के अजय कुमार ने बताया कि वन्यजीवों का संघर्ष बढ़ता जा रहा है। गुलदार, नीलगाय, सुअर आदि जंगली जानवर आए दिन आबादी में आते रहते हैं जिससे परेशानियां बढ़ती जा रही है। बताया कि कई क्षेत्रों में ऐसी मशीन लगाई गई है। पीएम कार्यालय से ग्राम सभा दूधली, सिमलास ग्रांट आदि कई संवेदनशील स्थानों पर मशीनें लगाई जानी चाहिए। बताया गया कि इस मामले में पीएम कार्यालय ने मुख्य सचिव को उचित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। संवाद