अर्द्धकुंभ मेला प्रशासन तीर्थक्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए कैसी सुविधाएं जुटा रहा है, इसकी बानगी तपोवन और लक्ष्मणझूला क्षेत्र में देखी जा सकती है। क्षेत्र में कई दिनों से जलापूर्ति बाधित चल रही है। लिहाजा कुंभ मेले के तहत लक्ष्मण मंदिर के समीप बने सुलभ शौचालय में ताले लटक गए हैं। इससे श्रद्धालुओं प्रसाधन संबंधी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
मेला प्रशासन व्यवस्थाओं के नाम पर करोड़ों खर्च करने का दावा कर रहा है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं को सुविधाओं से महरूम होना पड़ रहा है। अर्द्धकुंभ मेला शुरू हुए डेढ़ महीना बीत चुका है। इसके बावजूद मेला प्रशासन अभी तक तीर्थ क्षेत्र में आने वाले तीर्थाटकों, पर्यटकों के लिए जन सुविधाएं नहीं जुटा पाया है।
जो जुटाई भी गई हैं लोग उनका भी ठीक से लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। तमाम दावों के बावजूद मेला प्रशासन की व्यवस्थाएं प्रथम चरण में ही ध्वस्त होने लगी हैं। यहां बने सुलभ शौचालयों में ताला लगने से तपोवन में आने वाले सैलानियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय नागरिक रामकिशोर बलूनी ने बताया कि क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित होने से श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोगों को भी परेशानी हो रही है। मेले के तहत आसपास लगाए गए पेयजल स्टैंड पोस्ट भी सूखे पड़े हैं। श्रद्धालुओं को हलक तर करने के लिए पानी की बोतलें खरदनी पड़ रही है। उधर, इस बाबत संपर्क करने पर उप मेला अधिकारी कुंभ डीएस नेगी का फोन रिसीव नहीं हो पाया ।
तपोवन क्षेत्र में काफी समय से जलापूर्ति बाधित है। इस बारे में कई बार जलकल अभियंता को अवगत कराया जा चुका है। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा।-सुरेश उनियाल, प्रधान ग्राम पंचायत तपोवन
कई दिनों से जलापूर्ति की समस्या बनी हुई है। कई टैंकर भी मंगाए जा चुके हैं। लेकिन डिमांड के सापेक्ष कम पानी मिलने से समुचित पूर्ति नहीं हो पा रही है। पानी नहीं मिलने से शौचालयों में ताला लगाना पड़ रहा है।-बिल्लू, ठेकेदार सुलभ शौचालय तपोवन