यमकेश्वर। विकासखंड के देवराना गांव में सोमवार एक ही दिन में गुलदार ने एक बछिया पर हमला कर दिया। इससे ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग से गुलदार को पकड़ने और पिंजरा लगाने की मांग की जा रही है। ग्रामीणों ने दावा किया है कि गांव की सीमा में कई गुलदार सक्रिय हैं।
ग्रामीण उर्मिला देवी देवरानी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे उनकी डेढ़ साल की बछिया पर घर के नजदीक बनी गौशाला में गुलदार ने हमला कर दिया। परिजनों ने दौड़कर किसी तरह बछिया को गुलदार के चंगुल से छुड़ाया। लेकिन शाम को गुलदार ने दोबारा हमला कर बछिया को दबोच लिया और जंगल की ओर ले गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया, पत्थर फेंके लेकिन गुलदार बछिया को मुंह में दबाकर भाग निकला।
ग्रामीणों का कहना है कि रविवार को गांव के अलग-अलग हिस्सों में एक ही समय पर कई लोगों को गुलदार दिखाई दिया। इससे अंदेशा है कि गांव की सरहद में 5 से 10 गुलदार सक्रिय हैं। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। लोग अकेले खेतों और जंगल की ओर जाने से डर रहे हैं। बच्चों को स्कूल भेजने में भी अभिभावक घबरा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल गांव में पिंजरा लगाने, गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है। साथ ही पशुहानि का मुआवजा देने की भी मांग उठाई है।
सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है। स्थिति का आंकलन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -अनुराग जोशी, वन क्षेत्राधिकारी, लालढांग रेंज रिजर्व फॉरेस्ट