- 13 करोड़ रुपये से बनकर तैयार हुआ पूर्णानंद खेल मैदान लेकिन अब तक नहीं हो सका औपचारिक शुभारंभ
ढालवाला। मुनि की रेती क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का इंतजार खेल मैदान के निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य वित्त के लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से संवारे गए पूर्णानंद खेल मैदान का निर्माण कार्य पूरी तरह से संपन्न हो चुका है लेकिन औपचारिक शुभारंभ न होने के कारण यह आधुनिक खेल परिसर अब भी खिलाड़ियों के लिए शुरू नहीं हो पाया है।
पूर्व में मेले और अन्य आयोजनों के कारण स्कूली खेल प्रतियोगिताओं के बाधित होने और मैदान न मिल पाने की समस्या को देखते हुए जून 2024 में इसके नवनिर्माण की शुरुआत की गई थी। करीब दो वर्षों की अवधि में इस मैदान को राष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुसार हाइटेक रूप दिया गया है। इस परियोजना के तहत परिसर में राष्ट्रीय स्तर का नया फुटबॉल मैदान, तीन बैडमिंटन कोर्ट और अन्य सुविधाओं से लैस एक अत्याधुनिक बहुउद्देशीय भवन व क्रिकेट खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए पिच का निर्माण पूरा कर लिया गया है। निर्माण कार्य संपन्न हो जाने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं में यह उम्मीद जगी थी कि उन्हें जल्द ही बेहतर अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए नया मंच मिलेगा। हालांकि लोकार्पण की तारीख तय न होने और औपचारिक उद्घाटन में हो रही देरी के कारण मैदान पर खेल गतिविधियां पूरी तरह से शुरू नहीं हो सकी हैं। स्थानीय खेल प्रेमियों ने शासन और प्रशासन से जल्द से जल्द मैदान का शुभारंभ कर इसे आम खिलाड़ियों के लिए समर्पित करने की मांग की है।
पूर्णानंद का खेल मैदान दिसंबर तक शुभारंभ करने की उम्मीद जताई जा रही है। जिससे खिलाड़ियों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधा प्रदान हो सकें।-दीपक रावत, खेल अधिकारी, टिहरी