कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती, इस कहावत को चरितार्थ किया है, तीर्थनगरी की बिटिया मोहा वशिष्ठ ने। जिन्होंने पहले ही प्रयास में स्टाफ सलेक्शन कमीशन कंबाइंड ग्रेजुएट लेबल (एसएससी, सीजीएम ) की ऑल इंडिया मेेरिट में तीसरा स्थान हासिल किया है। बिटिया का चयन इंस्पेक्टर ऑफ इनकम टैक्स सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट सेक्शन में हुआ है।
वर्ष 2014 में गोविंद बल्लभ पंत यूनिवर्सिटी से बीटेक इलेक्ट्रानिक कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग करने वाली गणेश विहार, गंगानगर निवासी मोहा वशिष्ठ के पिता सुनील कुमार एसबीआई में प्रबंधक हैं और मां सुनीता शर्मा गृहणी। बकौल मोहा बीटेक के बाद उसने 2015 में एसएससी, सीजीएम परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। अगस्त में प्री और अक्तूबर में मैन परीक्षा दी। परीक्षा क्वालीफाई करने के बाद मार्च 2016 में दिल्ली साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। मैरिट के आधार पर चयन होना था, इसलिए बैचेनी बढ़ती जा रही थी। 29 जून को परिणाम घोषित हुए तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आल इंडिया मेरिट में तीसरा स्थान मिला।
परिवार की बड़ी बेटी बैंक प्रबंधक
शर्मा परिवार को बेटियों पर गर्व है। पिता सुनील कुमार ने बताया कि बड़ी बिटिया ईशा वशिष्ठ यूनियन बैंक, गुड़गांव में प्रबंधक है। अब छोटी बेटी ने स्टाफ सलेक्शन कमीशन की ऑल इंडिया मेरिट में तीसरा स्थान हासिल किया है।
मेहनत और लगन से करो तैयारी
इनकम टैक्स ऑफिसर बनी मोहा वशिष्ठ ने सफलता के टिप्स देते हुए बताया कि किसी भी परीक्षा की तैयारी मेहनत और लगन से करो। ध्यान लगाकर सभी विषयों को पढ़ें। किसी भी विषय को कठिन नहीं माने। प्रयास करो सफलता जरूर मिलेगी।