चंद्रभागा नदी के किनारे से अस्थाई अतिक्रमण हटाने पहुंची तहसील प्रशासन, नगर निगम, सिंचाई विभाग की टीम को अतिक्रमणकारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। अधिकारियों और अतिक्रमणकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि पुलिस के आगे अतिक्रमणकारियों की एक न चली। पुलिस की चेतावनी के बाद अतिक्रमणकारियों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
मानसून सीजन को लेकर तहसील प्रशासन अलर्ट हो गया है। एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने विभागों की संयुक्त टीम गठित कर तहसील क्षेत्र में गंगा और बरसाती नदियों के आसपास के संवेदनशील इलाकों से अवैध झुग्गी झोपड़ी को हटाने के निर्देश दिए है। बुधवार को तहसील प्रशासन, नगर निगम, सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम अतिक्रमण हटाने के लिए चंद्रभागा नदी पर पहुंची। टीम को देख अतिक्रमणकारी भड़क गए और विरोध करने लगे। काफी देर तक अधिकारियों और अतिक्रमणकारियों के बीच बहस हुई। मौके पर पुलिस मौजूद होने के चलते आखिरकार अतिक्रमणकारियों का विरोध ठंडा पड़ गया। टीम के चेतावनी देने के अतिक्रमणकारियों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। टीम ने दोबारा कब्जा करने पर अतिक्रमणकारियों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी बताया कि गंगा और बरसाती नदियों के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से अवैध झुग्गी झोपड़ियों को हटाया जा रहा है। कार्रवाई से पहले पुलिस की संयुक्त टीम संबंधित क्षेत्र में मुनादी करा रही है। टीम में नायब तहसीलदार अयोध्या प्रसाद, एसडीओ सिंचाई विभाग अनुभव नौटियाल, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, सतीश जोशी आदि शामिल थे।