विद्युत भंडार केंद्र का गोदाम अचानक धधक उठा। आग की भीषण लपटें उठने से अफरातफरी मच गई। आग पर काबू पाने के लिए पांच दमकल वाहन बुलाने पड़े। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। आग से गोदाम में रखे रिपेयरिंग ट्रांसफार्मर, एल्युमीनियम वायर बॉक्स और अन्य उपकरण जलकर राख हो गए। निगम ने करीब पांच लाख के नुकसान की आशंका जताई है।
पशुलोक-वीरभद्र मार्ग पर ऊर्जा निगम का गोदाम है। बताया जा रहा है सोमवार दोपहर तीन बजे के करीब गोदाम के अंदर से धुआं निकलने लगा। जब तक कर्मचारी कुछ समझते गोदाम से आग की भयावह लपटें उठने लगी। गोदाम में आग देखकर हड़कंप मच गया। सूचना पर दमकल कर्मी वाहन लेकर पहुंचे और राहत बचाव में जुट गए।
भीषण आग के चलते रायवाला, श्यामपुर, भरत विहार कुंभ मेला थाने से भी दमकल वाहन बुलाए गए। तब जाकर आग को बुझाया जा सका। जब तक आग पर काबू पाया गया, गोदाम में रखा सामान जलकर खाक हो गया।
विद्युत भंडार केंद्र के सहायक अभियंता गुरदीप सिंह ने बताया कि गोदाम में रखे तीन रिपेयरिंग ट्रांसफार्मर और 12 बंडल एल्युमीनियम तार आग की भेंट चढ़ गए। अग्निकांड में उन्होंने पांच लाख के नुकसान का अनुमान जताया है। बताया कि विद्युत भंडार केंद्र के गोदाम से श्रीनगर, टिहरी, चमोली और डोईवाला सामान की सप्लाई की जाती है।
धधकी झाड़ी से पकड़ी आग
फायर स्टेशन अधिकारी रमेश चंद्र शर्मा ने आग लगने की वजह गोदाम के समीप उगी झाड़ियों को बताया है। उन्होंने बताया कि गोदाम के आसपास झाड़ियां हैं। संभवत: जलती माचिस की तीली या बीड़ी फेंकने से झाड़ी धधक उठी। आग की चिंगारी ने गोदाम को छू लिया, जिससे गोदाम में आग लग गई।