माजरी ग्रांट हरिद्वार हाईवे पर सोमवार दोपहर में एक चलती कार में आग लगने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड के वाहन ने आग पर काबू पाया। आगजनी में किसी के भी हताहत नहीं होने की सूचना है।
कोतवाली के लालतप्पड़ पुलिस चौकी क्षेत्र में दोपहर में 1.45 बजे के आसपास एक कार देहरादून से हरिद्वार की ओर आ रही थी। अचानक कार से जलने की बदबू और धुआं निकलने लगा। कार सवार लोग देखने के लिए बाहर निकले थे कि कार ने आग पकड़ ली। अभी कुछ समझ पाते कार जलने लगी। तेज धूप में आग ने भयानक रूप ले लिया। हाईवे पर आवाजाही करने वाले लोग भी रुक कर वीडियो आदि बनाने लगे। लालतप्पड़ पुलिस और फायर ब्रिगेड के वाहन भी मौके पर पहुंचे और कार में लगी आग को काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। कुछ देर में आग पर काबू पा लिया गया। लालतप्पड़ चौकी प्रभारी कविंद्र राणा ने बताया कि कार में सवार लोग हरिद्वार जा रहे थे। कार में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट होना माना जा रहा है। आगजनी की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। मामले को लेकर छानबीन की जा रही है।