ऋषिकेश। इंद्रमणि बडोनी चौक पर एक ट्रक और जीप की आपस में भिड़ंत हो गई। हादसे में जीप चालक समेत आठ लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया।
कोतवाली पुलिस बताया कि घटना बुधवार सुबह करीब छह बजे की है। एक ट्रक हरिद्वार की ओर से ढालवाला की तरफ जा रहा था। इसी बीच एक जीप ऋषिकेश से चमोली जाने के लिए सवारियां भरकर निकल रही थी। इंद्रमणि बडोनी चौक के समीप जीप, ट्रक की चपेट में आकर पलट गई। इसमें जीप चालक पंकज (26) पुत्र सुनील सिंह, महेश कुमार (36) पुत्र मुरारी लाल, धीरेंद्र (40) पुत्र महिपाल सिंह, ओमप्रकाश (4) पुत्र महिपाल सिंह, कविता (14) पुत्री महेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह (38) पुत्र भगवान सिंह, गंगा देवी (60) पत्नी गंगा तिवारी घायल हो गए। इस दौरान मार्ग पर पैदल चल रहे महिपाल (58) पुत्र वीरेंद्र साही भी चपेट में आकर घायल हो गए। प्राथमिक उपचार करने के बाद सभी लोगों को छुट्टी दे दी। पुलिस ने बताया कि जीप में सवार सभी यात्री थराली चमोली निवासी हैं। ट्रक को कब्जे में लिया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।