लक्ष्मणझूला डीएम कैंप कार्यालय की बैठक समाप्त होने के बाद पौड़ी जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने नीलकंठ धाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धाम में फैली अव्यवस्थाओं को देख जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
शनिवार शाम विभागीय अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने नीलकंठ धाम पहुंचे जिलाधिकारी ने यहां साफ-सफाई, शौचालय, पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण, पेयजल आदि का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने नीलकंठ प्रबंधन समिति को चेतावनी देते हुए कहा कि एक सप्ताह के अंदर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त होनी चाहिए। उन्होंने सहायक अभियंता जिला पंचायत, नीलकंठ प्रबंधन समिति, तहसीलदार और पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क के दोनों ओर दुकानदारों, ढ़ाबों तथा ठेलियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को दो दिन के अंदर हटाएं। नीलकंठ पार्किंग स्थलों में स्थायी सुलभ शौचालय बनाने के साथ ही मोबाइल शौचालयों की भी व्यवस्था रखें। शौचालयों में पानी की सुविधा हो। प्राइवेट पार्किंग में संबंधित संचालन को पेयजल कनेक्शन दिया जाए। नीलकंठ मंदिर परिसर में संचालित दुकानों, ढाबों में मनमानी वसूली न की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि शौचालयों और दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के जूते, चप्पल और अन्य सामाग्री रखने के लिए शुल्क न लें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को यात्रा रूट पर बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर तहसीलदार मंजीत सिंह, अधिशासी अभियंता जल संस्थान संतोष कुमार उपाध्याय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण डीपी सिंह, सहायक अभियंता जिला पंचायत सुदर्शन रावत आदि शामिल थे।