ऋषिकेश। त्योहारी सीजन को सकुशल संपन्न कराने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजित गोष्ठी में वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस अधिकारियों को अपना दुखड़ा सुनाया। वरिष्ठ नागरिक वेदप्रकाश धींगड़ा ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण और बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के चलते वृद्धजनों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस अधिकारियों से तीर्थनगरी में नारकोटिक्स ड्रग्स के बढ़ते कारोबार पर अकुंश लगाकर युवाओं को नशे की गर्त से बाहर निकालने की मांग की।
नटराज चौक स्थित एक बैंकट हॉल में बुधवार को एसपी देहात स्वतंत्र कुमार, सीओ डीसी ढौंडियाल और नगर कोतवाल महेश जोशी की मौजूदगी में गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में व्यापारी नेता राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि दीपावली पर्व पर सबसे ज्यादा परेशानी आतिशबाजी विक्रेताओं को होती है। हर बार नए कायदे कानून तैयार हो जाते हैं। अव्यवहारिक नियमों के चलते व्यापारियों को परेशानी होती है। उन्होंने एसपी देहात से त्योहारी सीजन शुरू होने से 15 दिन पहले बैठक करने की मांग की। उन्होंने त्रिवेणीघाट पर जाम से निजात, क्षेत्र में पुलिस जवान बढ़ाने, गंगा में मूर्ति का विसर्जन करने पर रोक, शहर में बड़े वाहनों की प्रवेश पर रोक लगाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। व्यापारी नेता ललित मोहन मिश्र ने कहा कि श्यामपुर चौकी के साइन बोर्ड को हटाने की मांग की हैं। उन्होंने कहा कि साइन बोर्ड में ऋषिकेश की ओर जाने वाले रास्ते पर केवल एम्स लिखा गया है। जिससे यात्री भ्रमित होकर बाइपास से जा रहे हैं। पार्षद विपिन पंत ने अमित ग्राम गुमानीवाला क्षेत्र में त्योहारी सीजन पर लगने वाले जाम से जाम का मुद्दा उठाया। जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान ने त्योहारी सीजन में नेपाली फार्म से लेकर हनुमान मंदिर तक संचालित लघु व्यापारियों को राहत देने की मांग की। बैठक में व्यापारी गुरमीत सिंह विनोचा, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष विजयपाल रावत, व्यापारी शिवम टूटेजा, व्यापारी प्रतीक कालिया, व्यापारी राजेश भट्ट, व्यापारी पंकज गुप्ता, भाजपा नेता रोमा सहगल आदि ने शहर में लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए सुझा दिए। वहीं राजकुमार अग्रवाल शहर में बढ़ते नशे के व्यापार पर चिंता जाहिर की।
एसपी देहात स्वतंत्र कुमार अस्थायी पार्किंग, पिकेट की व्यवस्था, साइन बोर्ड की व्यवस्था, हाईड्रेंट के ऑडिट, सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटाने, त्रिवेणी घाट स्थित डाकघर के वाहनों को परिसर में खड़ा करवाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन अग्निशमन विभाग के वाहन बासजार में तैनात रहेंगे। एसपी देहात ने व्यापारियों से दुकानों के बाहर से अतिक्रमण हटाने की अपील की। उन्होंने अतिक्रमण न हटाने के स्थिति में पुलिस को कार्रवाई करनी होगी। ऐसे में सभी व्यापारियों का सहयोग की अपेक्षा है। गोष्ठी में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दर्शन काला, उपनिरीक्षक रामनरेश कुमार, शिवकुमार गौतम, संदीप गुप्ता, संजय व्यास आदि थे।